चीन ने दी भारत को धमकी, हमसे पूछे बिना दक्षिणी चीन सागर में न ढूंढे तेल-गैस!
रक्षा और तेल-गैस दोहन के क्षेत्र में भारत और वियतनाम के बीच बढ़ती नजदीकी पड़ोसी देश चीन को रास नहीं आ रही है। भारत और वियतनाम के बीच बढ़ती नजदीकी से चीन भड़क गया है।
चीन ने भारत को चेतावनी देते हुए कहा है कि दक्षिण चीन सागर में भारत उसकी इजाजत के बिना ऑयल या गैस ब्लॉक्स नहीं तलाश सकता है। भारतीय कंपनी ओएनजीसी विदेश लिमिटेड इस इलाके में तेल-गैस दोहन की दिशा में काम कर रही है।

चीन के विदेश मंत्रालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा है कि तेल या गैस की तलाश से जुड़ा कोई भी काम शुरू करने से पहले चीन से अनुमति ली जानी चाहिए। अधिकारी के अनुसार, विवादित क्षेत्र में अंतिम समझौता होने से पहले चीन यहां संयुक्त विकास की नीति को बढ़ावा देगा।
सीमा विवाद पर टिप्पणी करते हुए चीनी अधिकारी ने कहा कि दोनों देशों को इस बात का श्रेय देना चाहिए कि उन्होंने आपसी विवाद का असर आपसी संबंधों पर नहीं पड़ने दिया है।
गौरतलब है कि चीन दक्षिणी चीन सागर के 80 फीसदी इलाके पर दावा करता रहा है। इस क्षेत्र में भारी मात्रा में प्राकृतिक खनिज पदार्थ मौजूद हैं। चीन ने इस तरह की चेतावनी ऐसे समय में दी है, जब हाल ही में भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दोनों देशों के बीच बेहतर सहयोग का वादा लेकर अपनी चीन यात्रा से वापस लौटे हैं। Tanmay Modh
