पटियाला हाउस कांड के बाद अब इलाहाबाद में वकीलों का तांडव, वामपंथियों को दौड़ा-दौड़ाकर पीटा
पटियाला हाउस कोर्ट के बाद वकीलों ने इलाहाबाद कलेक्ट्रेट परिसर की गरिमा भी तार-तार कर दी। धरने पर बैठे वामपंथियों के खिलाफ न सिर्फ मोर्चा खोला, बल्कि परिसर में लाठी-डंडों से उन्हें दौड़ा दौड़कर पीटा। पुलिस भी मामले में मूकदर्शक बनी रही। गौरतलब है कि वामपंथी संगठनों का साझा मंच राष्ट्रीय स्तर पर विरोध-प्रदर्शन के तहत इलाहाबाद कलेक्ट्रेट में धरने पर बैठा था। इस घटना के बाद वामपंथी संगठनों ने आरोपी वकीलों के खिलाफ एफआईआर के कर्नलगंज थाने में डेरा डाल लिया है। पुलिस ने अज्ञात वकीलों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।
वकीलों में इतना आक्रोश था कि वे डंडों से वामपंथियों को दौड़ा दौड़ा कर पीटने लगे। मामला यहीं खत्म नहीं हुआ महिलाओं को भी पीटा गया और गाली-गलौच की गई। वकीलों का आरोप था कि ये लोग देश विरोधी नारे लगा रहे थे, इस कारण इनकी पिटाई की गई।
देशविरोधी नारे का आरोप लगाकर आधे घंटे काटते रहे बवाल, कलेक्ट्रेट परिसर की घटना, 

बचाव कर रहे वकीलों को भी पीटा : कलेक्ट्रेट परिसर में वामपंथियों की पिटाई का जब कुछ वकीलों ने विरोध किया तो उनकी भी पिटाई की गई। इलाहाबाद हाईकोर्ट के अधिवक्ता आशुतोष कुमार भी वकीलों की हिंसा के शिकार हुए। वे धरने को समर्थन देने पहुंचे थे।
पूर्व सांसद के बेटे और वरिष्ठ अधिवक्ता से अभद्रता :वकीलों ने धरनास्थल पर मौजूद वरिष्ठ अधिवक्ता गिरधर गोपाल (70) के साथ भी अभद्रता की। गिरधर गोपाल के पिताजी पूर्व सांसद थे।
मामला दर्ज : कर्नलगंज पुलिस ने सैकड़ों अज्ञात के खिलाफ बलवा का मामला दर्ज कर लिया है। अभी पुलिस धारा का खुलासा नहीं कर रही है। साथ ही घायलों को मेडिकल के लिए अस्पताल भेजा गया है।

